टिहरी पुलिस की संवेदनशील पहल, 48 घंटे में दिल्ली से सकुशल बरामद हुआ गुमशुदा नाबालिग

टिहरी पुलिस की संवेदनशील पहल, 48 घंटे में दिल्ली से सकुशल बरामद हुआ गुमशुदा नाबालिग
Spread the love

टिहरी । टिहरी पुलिस ने संवेदनशील और त्वरित पुलिसिंग का परिचय देते हुए महज 48 घंटे के भीतर गुमशुदा 16 वर्षीय नाबालिग बालक को दिल्ली से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को कोतवाली कैम्पटी में एक व्यक्ति ने लिखित शिकायत देकर बताया कि उसका 16 वर्षीय पुत्र 29 जून को अपनी बहन के घर परोगी से गांव चिलामू लौटते समय बंदरकोट से बस पकड़ने के दौरान लापता हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित कर नाबालिग की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर गहन खोजबीन की, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, स्थानीय लोगों से पूछताछ की तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अन्य जनपदों और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए लगातार प्रयास किए।

पुलिस की सुनियोजित कार्रवाई के परिणामस्वरूप 2 जुलाई 2026 को नाबालिग को नई दिल्ली के सराय काले खां बस अड्डे से सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

अपने पुत्र के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने टिहरी पुलिस और कैम्पटी पुलिस की त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।

बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक दिनेश कुमार तथा हेड कांस्टेबल अजय कुमार शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles