रायपुर फायरिंग कांड का खुलासा: पुरानी रंजिश में चली गोलियां, तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

रायपुर फायरिंग कांड का खुलासा: पुरानी रंजिश में चली गोलियां, तीन आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
Spread the love

देहरादून । रायपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना की वजह बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान हुआ पुराना विवाद और दोनों पक्षों के बीच चली आ रही रंजिश थी। इस फायरिंग में दो लोग घायल हुए थे।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को बंजारावाला निवासी दिवाकर खंडूड़ी ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई कि 3 जुलाई की रात करीब 9 बजे वह अपने दोस्तों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर खड़े थे। तभी 3-4 अज्ञात युवक वहां पहुंचे और पिस्टल से दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से नवीन राणा के कंधे और वहां से गुजर रहे कमेन्द्र शर्मा के पैर में चोट लगी। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों से पूछताछ की। जांच के दौरान बिजनौर निवासी अक्षय प्रधान और उसके साथियों की संलिप्तता सामने आई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 जुलाई को थाना रोड, सोढ़ा सरोली क्षेत्र से घटना में शामिल अरुण कुमार उर्फ छोटू, सन्नी कुमार और आदर्श सिंह को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान का बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान कमेन्द्र शर्मा और उसके साथियों से विवाद हुआ था। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते देहरादून में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद के दौरान फायरिंग हो गई, जिसमें कमेन्द्र शर्मा और नवीन राणा घायल हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों में अरुण कुमार उर्फ छोटू (27), सन्नी कुमार (24) और आदर्श सिंह (19) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी और अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इस सफल कार्रवाई में थाना रायपुर के प्रभारी निरीक्षक संजीत कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, चौकी प्रभारी संजय रावत, चौकी प्रभारी दीपक पंवार सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देवभूमि खबर

Related articles