एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी, त्रिवेणी घाट पर डूब रहे युवक की बचाई जान

ऋषिकेश। गंगा नदी में डूबे लोगों की तलाश के लिए एसडीआरएफ का सर्च अभियान लगातार जारी है। सोमवार को टीम ने सिंगटाली पुल के पास डूबे दो युवकों तथा 5 जुलाई को सिरासू पुल के समीप गंगा में बह गए मेरठ निवासी सार्थक की तलाश में राफ्ट और आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरणों की मदद से डाउनस्ट्रीम के सभी संभावित स्थानों पर व्यापक सर्च अभियान चलाया। हालांकि, देर शाम तक किसी का पता नहीं चल सका। एसडीआरएफ ने बताया कि खोज अभियान निरंतर जारी रहेगा।
इसी दौरान त्रिवेणी घाट पर एक बड़ा हादसा टल गया। स्नान के दौरान नमित कुमार (25 वर्ष), निवासी मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) अचानक गंगा की तेज धारा में बहने लगा। घाट पर तैनात एसडीआरएफ, आपदा राहत दल और जल पुलिस के जवानों ने तत्काल त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया।
एसडीआरएफ उत्तराखण्ड ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि गंगा में स्नान करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करें, तेज बहाव और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

