पोक्सो के गंभीर मामले में ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार, विधि विवादित किशोर संरक्षण में

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने पोक्सो एक्ट के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी विधि विवादित किशोर को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को कोतवाली रुद्रपुर में एक नाबालिग बालिका के साथ गंभीर अपराध किए जाने की शिकायत मिलने पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। एसओजी और सर्विलांस टीम की सहायता से तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्य जुटाए गए तथा 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया।
जांच के आधार पर 9 जुलाई को नामजद आरोपी मनोज कुमार (32), निवासी ग्राम बड़ौरी, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया। वहीं मुख्य आरोपी विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया है। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मामले में पोक्सो एक्ट की धारा 16/17 भी बढ़ाई गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के प्रति ऊधमसिंहनगर पुलिस की शून्य सहनशीलता की नीति है। ऐसे मामलों में शामिल प्रत्येक आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

