मुख्यमंत्री धामी ने उद्योग जगत से विकास यात्रा में साझेदारी का किया आह्वान, कई कंपनियों से हुए एमओयू

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘उत्तराखंड सीएसआर डायलॉग’ कार्यक्रम में उद्योग जगत, केंद्रीय उपक्रमों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से उत्तराखंड के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में सीएसआर के तहत किया गया योगदान सामाजिक सेवा के साथ पुण्य का कार्य भी है और सभी कॉर्पोरेट समूहों को अपने सामाजिक दायित्व का अधिकाधिक निवेश राज्य में करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक और पारिस्थितिक परिस्थितियां अन्य राज्यों से अलग हैं, इसलिए यहां विकास का मॉडल रोजगार सृजन, सामाजिक उत्थान और पर्यावरण संरक्षण के संतुलन पर आधारित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कौशल विकास, सड़क सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, ग्राम विकास और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जबकि कई कॉर्पोरेट समूहों ने राज्य में नए विकास परियोजनाओं की घोषणा भी की है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए पारदर्शी और निवेश अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मिले 3.56 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों में से 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम, औद्योगिक, लॉजिस्टिक, स्टार्टअप और एमएसएमई सहित 30 से अधिक नीतियों के माध्यम से निवेश को बढ़ावा दिया गया है। साथ ही स्टार्टअप्स के लिए इनक्यूबेशन सेंटर और 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का लाभ उद्योगों को मिला है और निवेशकों को बिना अनावश्यक बाधाओं के योजनाओं की स्वीकृति मिल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की पारदर्शी नीतियां और कॉर्पोरेट जगत की भागीदारी मिलकर उत्तराखंड को देश का अग्रणी इन्वेस्टमेंट फ्रेंडली और सस्टेनेबल राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम में किया, हुंडई, इंफोसिस फाउंडेशन, ओएनजीसी, आईटीसी, महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी, आदित्य बिरला कैपिटल, फिनोलेक्स और पैनासोनिक सहित कई प्रमुख कंपनियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ तथा अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

