वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, चोरी की स्प्लेंडर बाइक समेत तीन शातिर आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद कर तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और सघन चेकिंग अभियान की मदद से आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार, 4 जून 2026 को अंकुश प्रजापति ने उत्तराखंड पुलिस मोबाइल एप के माध्यम से अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UK06L-9237) चोरी होने की ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज में तीन युवक मोटरसाइकिल चोरी करते दिखाई दिए। 9 जुलाई की रात परशुराम चौक से आनंदपुर रोड पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक पर बैठे तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया गया तो वे भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। जांच में बाइक चोरी की निकली, जिसके बाद मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की अन्य धाराएं भी बढ़ाई गईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंश खत्री उर्फ अक्की (19), रजत (22) और कमल मौर्य (21) के रूप में हुई है। तीनों के कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम: इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, अपर उपनिरीक्षक चन्द्रप्रकाश बवाड़ी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, कांस्टेबल गिरजा शंकर और कांस्टेबल हिमांशु आर्या ने अंजाम दिया।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा वाहन चोरी जैसी घटनाओं में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने लोगों से अपने वाहन सुरक्षित स्थानों पर खड़े करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

