ऊधमसिंहनगर में एसएसपी अजय गणपति का सख्त एक्शन, आईटीआई कोतवाली प्रभारी और पैगा चौकी प्रभारी लाइन हाजिर

ऊधमसिंहनगर में एसएसपी अजय गणपति का सख्त एक्शन, आईटीआई कोतवाली प्रभारी और पैगा चौकी प्रभारी लाइन हाजिर
Spread the love

ऊधमसिंहनगर ।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस कार्यप्रणाली में लापरवाही और दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता बरतने पर सख्त कार्रवाई करते हुए आईटीआई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ और पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है।

एसएसपी द्वारा पुलिस अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा के दौरान पाया गया कि कोतवाली आईटीआई में दर्ज विवेचनाओं के पर्यवेक्षण में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जा रही थी। साथ ही पीड़ितों की शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी और उच्चाधिकारियों के निर्देशों के बावजूद कार्यों में शिथिलता सामने आई। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ के खिलाफ कार्रवाई की गई।

इसी प्रकार पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह पर भी पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई एवं निस्तारण में विलंब तथा अपने दायित्वों के प्रति उदासीनता बरतने के आरोप पाए गए। इसके बाद एसएसपी ने उन्हें भी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जनपद में पुलिस कार्यों में लापरवाही, पीड़ितों की शिकायतों के प्रति असंवेदनशीलता और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

देवभूमि खबर

Related articles