ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में कुख्यात शार्प शूटर जितेंद्र चौधरी घायल, दो अन्य बदमाश गिरफ्तार

ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में कुख्यात शार्प शूटर जितेंद्र चौधरी घायल, दो अन्य बदमाश गिरफ्तार
Spread the love

ऊधमसिंहनगर ।पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई करते हुए खूनी गैंगवार की साजिश को नाकाम कर दिया। जाफरपुर कट क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात शार्प शूटर जितेंद्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों सुमित राठौर और चंदन लाल को गिरफ्तार कर लिया गया। एक अन्य आरोपी निरंजन टाकुली उर्फ नीरू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी हालिया गाबा चौक और पुलभट्टा फायरिंग कांड के मुख्य अभियुक्त हैं और प्रतिद्वंद्वी गैंग पर हमला करने की योजना बना रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जितेंद्र चौधरी घायल हो गया। आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की रेनॉल्ट क्विड कार तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” के विजन के तहत गैंगस्टरों, रंगदारी और संगठित अपराध में शामिल तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस पर हमला करने और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक खुशवंत सिंह, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, प्रदीप पंत, पंकज कुमार, एएसआई अमित कुमार, एसओजी के कांस्टेबल भूपेंद्र आर्या, मुख्य आरक्षी राजकुमार, आरक्षी विजय दरमाल, हरीश मेहरा और महेश पंचपाल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

देवभूमि खबर

Related articles