बद्रीनाथ धाम भेंट राशि अनियमितता मामले में बड़ी कार्रवाई, SIT जांच के बाद मंदिर समिति का कर्मचारी देहरादून से गिरफ्तार

चमोली।श्री बद्रीनाथ धाम में थाली भेंट की धनराशि एवं अन्य भेंट सामग्री में वित्तीय अनियमितता के चर्चित मामले में चमोली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की वित्तीय पारदर्शिता से जुड़े इस संवेदनशील प्रकरण को शासन ने गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच दल (SIT) से निष्पक्ष जांच कराई।
मामले में 8 जुलाई 2026 को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की तहरीर पर कोतवाली बद्रीनाथ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 306 एवं 316(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि 2 जुलाई को थाली भेंट की गणना के दौरान गठित विभागीय जांच समिति की प्रारंभिक जांच में मंदिर समिति के कार्मिक प्रमोद नौटियाल द्वारा भेंट राशि और अन्य सामग्री को चोरी-छिपे निजी लाभ के लिए ले जाने के तथ्य सामने आए।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में गठित SIT ने घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान तथा सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। जांच में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया कि अभियुक्त कई बार गणना कक्ष से धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा अपनी जेब में रखकर बाहर ले जा रहा था।
विवेचना में यह भी सामने आया कि अभियुक्त ने अलग-अलग समय पर ₹500 के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला तथा केसर के पैकेट भी अवैध रूप से अपने कब्जे में लिए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस टीम ने 12 जुलाई 2026 की रात्रि अभियुक्त प्रमोद नौटियाल को उसके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

