‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत ओखलकांडा इंटर कॉलेज में वृक्षारोपण, छात्रों को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रिपोर्ट: ललित जोशी।
नैनीताल ।जनपद के दूरस्थ क्षेत्र ओखलकांडा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में भारत सरकार एवं उत्तराखंड सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत भूमि संरक्षण वन प्रभाग के तत्वावधान में ‘हमारा वृक्ष, हमारा स्कूल’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने मिलकर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया तथा स्वच्छता अभियान भी चलाया।
कार्यक्रम के दौरान तेजपात, बहेड़ा, हरड़, घिंगारू, किलमोड़ और आंवला जैसे औषधीय एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। वन दरोगा चंद्रशेखर जोशी ने छात्र-छात्राओं को वृक्षों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और औषधीय पौधों के लाभों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है, तभी अभियान सफल माना जाएगा। उन्होंने वनों को आग से बचाने के लिए सभी से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति जंगलों में आग लगाने या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी देता है तो उसे विभाग द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “वन हैं तो जीवन है, वन हैं तो सब कुछ है।”
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ वन विभाग के अनिल कुमार, कमल कुलौरा, शिवनारायण सिंह, अनिल फुलारा सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

