मोबाइल टूटने के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, दून पुलिस ने एक और आरोपी को किया गिरफ्तार

मोबाइल टूटने के विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, दून पुलिस ने एक और आरोपी को किया गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून ।पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने मोबाइल टूटने के विवाद में युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने और जानलेवा हमले के मामले में वांछित एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में मुख्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, जाखन कैनाल रोड निवासी आजाद रावत ने 4 जुलाई 2026 को पटेलनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 3 जुलाई की रात लालपुल के पास स्कूटी चालक अंकुर वाल्मीकि ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में अंकुर का मोबाइल सड़क पर गिरकर टूट गया, जिसके बाद हुए विवाद में अंकुर और उसके साथियों ने उन्हें बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा तथा अमानवीय व्यवहार किया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 भी जोड़ी गई। पुलिस ने 6 जुलाई को मुख्य आरोपी अंकुर वाल्मीकि को गिरफ्तार कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया था।

जांच के दौरान सामने आए अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने 12 जुलाई 2026 को मुकुल उर्फ बाजीगर को विशाल मेगामार्ट के पीछे, न्यू पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुकुल उर्फ बाजीगर पुत्र यशपाल, निवासी न्यू पटेलनगर, विशाल मेगामार्ट के पीछे, पटेलनगर, देहरादून (उम्र 23 वर्ष) के रूप में हुई।

इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक विनय मित्तल, कांस्टेबल राजदीप मलिक एवं कांस्टेबल हरीश नेगी की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

देवभूमि खबर

Related articles