दलित छात्र संवाद में कांग्रेस का शिक्षा और सामाजिक न्याय पर जोर, 17 जुलाई के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील

दलित छात्र संवाद में कांग्रेस का शिक्षा और सामाजिक न्याय पर जोर, 17 जुलाई के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील
Spread the love

देहरादून।सेवला कलां स्थित अंबेडकर भवन में मंगलवार को कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग की ओर से दलित छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने विद्यार्थियों से शिक्षा, सामाजिक न्याय, संविधान और युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी जैसे विषयों पर संवाद किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद करमवीर बौद्ध, कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया तथा अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक नानक चंद भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व प्रधान राव नसीम, डिंपल सिंह और अमन सिंह द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल, रिहाना परवीन, दिनेश, विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष विनोद कुमार, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, मोहन कला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र मौजूद रहे।

अपने संबोधन में राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि देश का भविष्य युवाओं और विद्यार्थियों के हाथों में है। उन्होंने कहा कि जब छात्र अपने अधिकारों, संविधान और सामाजिक न्याय के प्रति जागरूक होकर आवाज उठाते हैं, तभी लोकतंत्र मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शिक्षा, समान अवसर और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर लगातार संघर्ष कर रही है।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे 17 जुलाई को आयोजित होने वाले राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शिक्षा व्यवस्था, छात्र हितों और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम के अंत में सभी वक्ताओं ने भी विद्यार्थियों से 17 जुलाई को आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाग लेने और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।

देवभूमि खबर

Related articles