तीन साल में 82 विद्यार्थियों का बढ़ा दाखिला, पीएम श्री अटल उत्कृष्ट कॉलेज चमियाला पर बढ़ा अभिभावकों का भरोसा

तीन साल में 82 विद्यार्थियों का बढ़ा दाखिला, पीएम श्री अटल उत्कृष्ट कॉलेज चमियाला पर बढ़ा अभिभावकों का भरोसा
Spread the love

चमियाला। पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चमियाला में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षिक वातावरण के चलते विद्यार्थियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। तीन वर्षों में विद्यालय की छात्र संख्या 298 से बढ़कर 380 हो गई है। इस तरह विद्यालय में 82 विद्यार्थियों की वृद्धि दर्ज की गई है।

विद्यालय की छात्र संख्या वर्ष 2024-25 में 298, वर्ष 2025-26 में 332 और वर्तमान शैक्षिक सत्र 2026-27 में 380 पहुंच गई है। खास बात यह है कि वर्तमान सत्र में कई विद्यार्थियों ने निजी विद्यालयों को छोड़कर पीएम श्री विद्यालय में प्रवेश लिया, जो विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था और उपलब्धियों के प्रति अभिभावकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रवीन्द्र सिंह तनवार के नेतृत्व में अनुशासन, नियमित शैक्षिक अनुश्रवण, शिक्षक-विद्यार्थी संवाद और अभिभावकों से निरंतर संपर्क पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यालय में सभी विषयों के शिक्षक कार्यरत हैं।

शैक्षिक उपलब्धियों की बात करें तो विद्यालय के छात्र विस्मित कोटनाला ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टिहरी गढ़वाल जनपद में द्वितीय स्थान हासिल किया। इसके बाद उन्होंने CUET में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हिन्दू कॉलेज में प्रवेश प्राप्त किया।

वहीं विद्यालय की छात्रा प्रियंका ने कबड्डी में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया। पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चमियाला विकासखंड भिलंगना का एकमात्र विद्यालय है, जहां एनसीसी जूनियर एवं सीनियर डिवीजन संचालित है।

विद्यालय का हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। पीएम श्री योजना के तहत डिजिटल एवं स्मार्ट शिक्षण, विज्ञान एवं नवाचार, खेलकूद, कला-संस्कृति, कौशल विकास और करियर मार्गदर्शन जैसी गतिविधियों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

प्रधानाचार्य रवीन्द्र सिंह तनवार ने कहा कि निजी विद्यालयों से विद्यार्थियों का पीएम श्री विद्यालय में प्रवेश लेना विद्यालय के प्रति बढ़ते विश्वास का महत्वपूर्ण संकेत है। विद्यालय का उद्देश्य केवल छात्र संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संस्कार और भविष्य की चुनौतियों के लिए आवश्यक ज्ञान एवं कौशल उपलब्ध कराना है।

देवभूमि खबर

Related articles