रानीखेत की मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं को मिली रफ्तार, रुद्रपुर में 18 करोड़ से बनेगा ग्रीन बिल्डिंग वाला विकास प्राधिकरण कार्यालय

रानीखेत की मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं को मिली रफ्तार, रुद्रपुर में 18 करोड़ से बनेगा ग्रीन बिल्डिंग वाला विकास प्राधिकरण कार्यालय
Spread the love

देहरादून। आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने राज्य सचिवालय में रानीखेत की प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं तथा रुद्रपुर में बनने वाले ऊधमसिंहनगर जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

रानीखेत में गैस गोदाम-आशियाना पार्क क्षेत्र और रोडवेज स्टेशन के समीप प्रस्तावित दो मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं की तकनीकी एवं वित्तीय स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। गैस गोदाम-आशियाना पार्क के निकट लगभग ₹8.61 करोड़ की लागत वाली चार मंजिला पार्किंग में 59 वाहनों के साथ महिला एवं पुरुष शौचालय की सुविधा प्रस्तावित है। वहीं रोडवेज स्टेशन के पास करीब ₹4.80 करोड़ की लागत से बनने वाली पार्किंग में 13 चारपहिया और 141 दोपहिया वाहनों सहित कुल 154 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जाएगी।

बैठक में दोनों परियोजनाओं की व्यवहार्यता, दोपहिया-चारपहिया पार्किंग के अनुपात, संभावित राजस्व, राजस्व साझेदारी मॉडल तथा प्रस्तावित स्थलों की उपयोगिता का विस्तृत परीक्षण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी औपचारिकताएं पूरी कर संशोधित प्रस्ताव शीघ्र शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया।

दूसरी समीक्षा बैठक में ऊधमसिंहनगर जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन निर्माण की प्रगति पर चर्चा की गई। रुद्रपुर के ग्राम कल्याणपुर में 8740 वर्गमीटर भूमि पर लगभग 18.01 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन आधुनिक प्रशासनिक सुविधाओं और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 50 प्रतिशत तथा वित्तीय प्रगति 20 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।

प्रस्तावित कार्यालय को ग्रीन बिल्डिंग के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें सोलर एनर्जी सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और व्यापक लैंडस्केपिंग जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। परियोजना को भारत सरकार की वर्ष 2026-27 की स्वीकृत परियोजनाओं में शामिल किया गया है तथा इसके लिए दो करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता भी स्वीकृत की गई है।

सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि रानीखेत जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन एवं व्यापारिक नगरों में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था समय की आवश्यकता है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से जाम की समस्या कम होगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में बनने वाला नया विकास प्राधिकरण कार्यालय आधुनिक प्रशासनिक जरूरतों के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी उत्कृष्ट उदाहरण बनेगा और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

देवभूमि खबर

Related articles