कांवड़ यात्रा 2026: स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, यात्रा मार्ग पर 24 घंटे संचालित होंगी मेडिकल रिलीफ पोस्ट

देहरादून। आगामी 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला प्रशासन के समन्वय से यात्रा मार्ग पर मेडिकल रिलीफ पोस्ट (एमआरपी) स्थापित की जाएंगी, जहां श्रद्धालुओं को 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रा मार्ग के प्रमुख स्थलों और चिन्हित चेक पोस्टों पर विशेष स्वास्थ्य निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। प्रत्येक मेडिकल रिलीफ पोस्ट पर डॉक्टर, फिजिशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और वार्ड बॉय तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत उपचार और प्राथमिक चिकित्सा मिल सके।
यात्रा के दौरान आवश्यक दवाइयों, प्राथमिक उपचार सामग्री और अन्य आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी यात्रा अवधि में सतर्क और मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि कांवड़ियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा चिन्हित श्यामपुर चौकी और आईडीपीएल स्थित मेडिकल रिलीफ पोस्ट 24 घंटे संचालित रहेंगी, जहां रोस्टर के अनुसार शिफ्टवार डॉक्टर तैनात रहेंगे। इसके अलावा बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर भी एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

