उत्तराखंड के युवाओं के लिए जापान में रोजगार के नए अवसर, जापानी प्रतिनिधिमंडल ने किया देहरादून दौरा

देहरादून ।उत्तराखंड सरकार की विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने की पहल को नई गति मिली है। मंगलवार को जापान की अनाडुकी ग्लोबल करियर कंपनी लिमिटेड के प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून स्थित क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और दून विश्वविद्यालय का दौरा कर कौशल विकास, जापानी भाषा प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय रोजगार सहयोग की संभावनाओं का आकलन किया।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जापानी भाषा सीख रहे युवाओं से संवाद किया। इस दौरान छात्रों को जापानी भाषा के सही उच्चारण, कॉरपोरेट एथिक्स और जापान की कार्य संस्कृति की जानकारी दी गई। प्रतिनिधियों ने बताया कि जापान में आईटी, हॉस्पिटैलिटी, इंजीनियरिंग और केयरगिविंग जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षित और जापानी भाषा जानने वाले युवाओं की मांग लगातार बढ़ रही है।
दून विश्वविद्यालय में जापानी भाषा विभाग और प्लेसमेंट सेल के साथ हुई बैठक में भाषा प्रशिक्षण को अधिक रोजगारोन्मुख बनाने, शैक्षणिक सहयोग बढ़ाने और जापान में उच्च शिक्षा व रोजगार के अवसरों के विस्तार पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भाषा ज्ञान के साथ जापानी कार्य संस्कृति और सामाजिक व्यवहार की समझ भी सफल करियर के लिए आवश्यक है।
निदेशक सेवायोजन नरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को वैश्विक रोजगार के लिए तैयार करने हेतु विदेशी भाषा प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय कार्य संस्कृति का प्रशिक्षण दे रही है। वहीं मुख्यमंत्री के अपर सचिव मनमोहन मैनाली ने कहा कि जापान सहित विभिन्न देशों के साथ बढ़ता सहयोग उत्तराखंड के युवाओं के लिए विदेशों में गुणवत्तापूर्ण रोजगार और बेहतर करियर के नए द्वार खोलेगा। जापानी प्रतिनिधिमंडल ने भी राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में सहयोग और मजबूत करने पर सहमति जताई।
