हरिद्वार गंगा कॉरिडोर को मिली रफ्तार, सीएम धामी ने 235 करोड़ की चार परियोजनाओं का किया शिलान्यास
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत लगभग 235 करोड़ रुपये की चार महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। यूआईआईडीबी द्वारा संचालित इन परियोजनाओं से महाकुंभ-2027 और कांवड़ यात्रा की तैयारियों को नई गति मिलने के साथ श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमि पूजन किया, जबकि हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट पुनरुद्धार (66.76 करोड़ रुपये), हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास (66.34 करोड़ रुपये) और रोड़ी बेलवाला क्षेत्र पुनर्विकास (58.84 करोड़ रुपये) का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ये परियोजनाएं हरिद्वार को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी बनाने के विजन का हिस्सा हैं। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महाकुंभ-2027 को इतिहास का सबसे दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन बनाने के लिए युद्धस्तर पर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिद्वार में नए घाट, पुल, सड़क चौड़ीकरण, यातायात आधुनिकीकरण, हेलीपोर्ट, पॉड टैक्सी, रोपवे और अन्य आधारभूत परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है। इन विकास कार्यों से पर्यटन, व्यापार, होटल उद्योग, परिवहन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, यूआईआईडीबी के प्रबंध निदेशक एवं प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

