भाजपा कार्यालय की ओर कांग्रेस का कूच, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका; गणेश गोदियाल ने सरकार पर साधा निशाना

भाजपा कार्यालय की ओर कांग्रेस का कूच, पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोका; गणेश गोदियाल ने सरकार पर साधा निशाना
Spread the love

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के घेराव के प्रयास के विरोध में बुधवार को कांग्रेस ने देहरादून में शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर कूच के लिए निकले। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा कार्यालय तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाई गई और भारी पुलिस बल तैनात रहा। भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बीच रास्ते में रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक भी हुई, हालांकि स्थिति नियंत्रण में रही।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है तथा विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से इसका विरोध करती रहेगी और किसी भी प्रकार के दबाव या राजनीतिक प्रताड़ना से पीछे नहीं हटेगी।

गोदियाल ने भाजपा प्रदेश नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सत्तारूढ़ दल को कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए, लेकिन इसके विपरीत माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई जारी रही तो कांग्रेस प्रदेशभर में व्यापक जन आंदोलन चलाएगी।

प्रदर्शन में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles