लक्सर तहसील के औचक निरीक्षण में डीएम मयूर दीक्षित सख्त, लंबित राजस्व वादों के निस्तारण और कांवड़ तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश

लक्सर तहसील के औचक निरीक्षण में डीएम मयूर दीक्षित सख्त, लंबित राजस्व वादों के निस्तारण और कांवड़ तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश
Spread the love

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को तहसील कार्यालय लक्सर का औचक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने, आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने तथा लंबित राजस्व वादों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, न्यायालयों में लंबित राजस्व वादों, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान, मानसून तैयारियों और आगामी कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने उप जिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला को निर्देश दिए कि लंबे समय से लंबित राजस्व मामलों की नियमित समीक्षा कर उनका शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके। साथ ही तहसील में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्याओं को संवेदनशीलता और सम्मान के साथ सुनकर निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए।

मानसून के मद्देनजर उन्होंने जलभराव संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत और चिकित्सा सहित सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर भंडारों की अनुमति एक ही स्थान पर न देकर 3 से 4 किलोमीटर की दूरी पर दी जाए, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रहे।

जिलाधिकारी ने जनपद में चल रहे स्वच्छता अभियान में और अधिक तेजी लाने तथा सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, कार्यालय परिसरों और प्रमुख मार्गों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला, तहसीलदार दीवान सिंह राणा, खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित तहसील के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles