एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: ₹25 लाख की साइबर ठगी मामले में अंतरराज्यीय गिरोह का मुख्य सदस्य पश्चिम बंगाल से गिरफ्ता

एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: ₹25 लाख की साइबर ठगी मामले में अंतरराज्यीय गिरोह का मुख्य सदस्य पश्चिम बंगाल से गिरफ्ता
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने करीब ₹25 लाख की साइबर धोखाधड़ी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के एक मुख्य सदस्य को पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जियाउर गाजी (40 वर्ष) निवासी दक्षिण बंकारा, हिंगलगंज, नॉर्थ 24 परगना, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के अनुसार देहरादून निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि साइबर ठगों ने उनका मोबाइल फोन हैक कर ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर बदल दिया तथा उनकी कंपनी के बैंक खाते से करीब ₹24.95 लाख की धोखाधड़ी कर ली। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान एसटीएफ ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन का तकनीकी विश्लेषण किया। प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम पश्चिम बंगाल पहुंची और हाबरा बाजार, नॉर्थ 24 परगना से आरोपी जियाउर गाजी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह साइबर ठगों के लिए बैंक खाते खुलवाने, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और बैंकिंग विवरण उपलब्ध कराने का काम करता था। इसके बदले उसे आर्थिक लाभ मिलता था। आरोपी ने अपने नाम से करीब 12 बैंक खाते खुलवाए थे तथा अन्य लोगों के खाते भी साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था। उसने ‘गाजी इंटरप्राइजेज’ के नाम से फर्जी फर्म बनाकर कई बैंकों में खाते भी खुलवाए थे।

जांच में सामने आया कि धोखाधड़ी की राशि का ₹11.95 लाख पहले आरोपी के आईडीबीआई बैंक खाते में आया, जिसके बाद रकम को इंडसइंड और सेंट्रल बैंक के खातों में ट्रांसफर किया गया। आरोपी ने करीब ₹7 लाख चेक के माध्यम से तथा शेष राशि एटीएम से निकाल ली। जांच में आरोपी की संगठित साइबर अपराध गिरोह में सक्रिय भूमिका के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो डेबिट कार्ड, तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

एसबीआई का एक डेबिट कार्ड, बैंक ऑफ बड़ौदा का एक डेबिट कार्ड, एक वीवो मोबाइल, एक ओप्पो मोबाइल, एक माइक्रोमैक्स कीपैड मोबाइल तथा विभिन्न कंपनियों के तीन सिम कार्ड बरामद किए गए।

इस कार्रवाई में निरीक्षक आशीष गुसाईं, उपनिरीक्षक रमन बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक गोपाल सिंह तथा कांस्टेबल नितिन रमोला की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसटीएफ टीम ने तकनीकी विश्लेषण और सटीक सूचना के आधार पर अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के मुख्य सदस्य को गिरफ्तार कर इस बड़ी साइबर ठगी का खुलासा किया।

देवभूमि खबर

Related articles