शंकराचार्य चौक पहुंचे डीएम और एसएसपी हरिद्वार, कांवड़ियों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर बांटे फल, जूस व पेयजल

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और हरिद्वार पुलिस लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह शंकराचार्य चौक पहुंचे और कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने फूल कांवड़ लेकर जा रहे शिवभक्तों का पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत किया तथा उनका कुशलक्षेम जाना। इस अवसर पर कांवड़ियों को फल, जूस, पेयजल एवं अन्य अल्पाहार वितरित कर उनका अभिनंदन भी किया गया।
एसएसपी नवनीत सिंह ने कांवड़ियों से यात्रा के दौरान उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया और प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कांवड़ियों ने जिला प्रशासन और हरिद्वार पुलिस की सेवा भावना एवं व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान शिवभक्तों ने जयकारों के बीच अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।
कार्यक्रम में जनपद के अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी श्रद्धालुओं को फल, पेयजल और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित कर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई।

