काठगोदाम पुलिस की तत्परता से 15 वर्षीय गुमशुदा किशोर कुछ घंटों में सकुशल बरामद, परिजनों को सौंपा

हल्द्वानी। काठगोदाम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 वर्षीय गुमशुदा किशोर को महज कुछ घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई से एक संभावित बड़ी घटना टल गई।
पुलिस के अनुसार 2 अगस्त 2026 की रात करीब 12:30 बजे दमुवाढूंगा निवासी हरीश लाल ने चौकी दमुवाढूंगा में सूचना दी कि उनका 15 वर्षीय पुत्र युवराज उर्फ साहिल शाम करीब 4:30 बजे ट्यूशन जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और रेलवे स्टेशन, टैक्सी स्टैंड, रोडवेज बस स्टेशन सहित संभावित स्थानों पर व्यापक तलाश अभियान चलाया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते रविवार सुबह करीब 10:45 बजे किशोर को हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया।
काउंसिलिंग के दौरान किशोर ने बताया कि मां की डांट-फटकार से नाराज होकर वह अपने एक मित्र के घर चला गया था। अगले दिन वह बस से दिल्ली या गुजरात जाने की योजना बना रहा था और यात्रा के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्तों से आर्थिक मदद भी मांग रहा था। इससे पहले कि वह कहीं जा पाता, पुलिस ने उसे सुरक्षित खोज निकाला।
पुलिस ने किशोर और उसके परिजनों की काउंसिलिंग कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। किशोर ने भविष्य में बिना बताए घर छोड़कर नहीं जाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद उसे उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
इस सराहनीय कार्रवाई में हेड कांस्टेबल भुवन चन्द्र और कांस्टेबल टीका राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

