रायवाला सड़क हादसे का सनसनीखेज खुलासा: दो कांवड़ियों को टक्कर मारने वाला चालक व शव गंगनहर में फेंकने वाला मौसेरा भाई गिरफ्तार

रायवाला सड़क हादसे का सनसनीखेज खुलासा: दो कांवड़ियों को टक्कर मारने वाला चालक व शव गंगनहर में फेंकने वाला मौसेरा भाई गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून। रायवाला क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान दो श्रद्धालुओं को वाहन से टक्कर मारने और उनमें से एक के शव को साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से गंगनहर में फेंकने के मामले का दून पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मैक्स वाहन भी कब्जे में ले लिया है, जबकि लापता कांवड़िये के शव की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 को हरियाणा निवासी दीपक राठी ने अपने पिता प्रदीप राठी (54) के लापता होने की शिकायत कोतवाली रायवाला में दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पिता कांवड़ लेकर ऋषिकेश आए थे और 26 जुलाई की सुबह थाना रायवाला के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में दिखाई देने के बाद से लापता थे।

गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि उसी दिन सुबह करीब 5:30 बजे रायवाला के वन डिपो के पास एक अज्ञात वाहन ने दो कांवड़ियों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में राजस्थान निवासी सत्यनारायण की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई थी, जबकि दूसरे घायल की पहचान नहीं हो सकी थी। सीसीटीवी फुटेज परिजनों को दिखाने पर दूसरे घायल की पहचान प्रदीप राठी के रूप में हुई।

इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर वाहन चालक रविन्द्र सिंह नेगी (23) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने स्वीकार किया कि वाहन चलाते समय झपकी आने के कारण उसकी मैक्स गाड़ी (UK02TA-1488) से दो कांवड़ियों को टक्कर लग गई थी। एक घायल वाहन में फंसकर काफी दूर तक घिसटता चला गया। आरोपी उसे उपचार के लिए ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।

घबराकर आरोपी ने अपने मौसेरे भाई सौरभ सिंह पंवार (26) को बुलाया। दोनों ने मिलकर शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची और कलियर-मेहवड़ क्षेत्र के पास आसफनगर झाल के आगे गंगनहर में फेंक दिया, ताकि दुर्घटना के साक्ष्य मिटाए जा सकें।

पुलिस ने 1 अगस्त 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मैक्स वाहन (UK02TA-1488), शव को लपेटने में इस्तेमाल की गई पीली प्लास्टिक तिरपाल और एक मैट बरामद किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक प्रदीप राठी के शव की तलाश के लिए गंगनहर क्षेत्र में विशेष टीमें लगाई गई हैं और खोजबीन लगातार जारी है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

देवभूमि खबर

Related articles