रुद्रप्रयाग पुलिस ने 2 शातिर चोरों को दबोचा, चोरी हुआ ट्रैक्टर देहरादून से बरामद

रुद्रप्रयाग पुलिस ने 2 शातिर चोरों को दबोचा, चोरी हुआ ट्रैक्टर देहरादून से बरामद
Spread the love

रुद्रप्रयाग। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अगस्त्यमुनि पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ट्रैक्टर चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किया गया स्वराज ट्रैक्टर (UK 14 CA 3656) देहरादून के औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई से बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 31 जुलाई 2026 को गणपति कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधि रोहित ने कोतवाली अगस्त्यमुनि में शिकायत दर्ज कराई कि कंपनी का स्वराज ट्रैक्टर, जिसे 22 जुलाई 2026 को केदारनाथ मार्ग स्थित नई सुरंग के पास कार्य समाप्त होने के बाद खड़ा किया गया था, अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।

शिकायत के आधार पर कोतवाली अगस्त्यमुनि में मुकदमा अपराध संख्या 35/2026 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से लगातार जांच की। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने देहरादून के औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई से चोरी हुआ ट्रैक्टर बरामद कर लिया तथा घटना में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित पुत्र सत्यालाल निवासी ग्राम काली नगर, थाना माधव टांडा, जिला पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) तथा सागर उर्फ सौरव पुत्र बलबीर सिंह निवासी ग्राम कुमारपुर, थाना हल्दौर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को रुद्रप्रयाग लाकर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले के खुलासे में अपर उपनिरीक्षक जावेद अली (विवेचक), कोतवाली अगस्त्यमुनि तथा आरक्षी रविंद्र सिंह (एसओजी रुद्रप्रयाग) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

देवभूमि खबर

Related articles