नाबालिग से दुष्कर्म कर गर्भवती करने का आरोपी गिरफ्तार, नंदानगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई

नाबालिग से दुष्कर्म कर गर्भवती करने का आरोपी गिरफ्तार, नंदानगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई
Spread the love

चमोली। नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती करने के गंभीर मामले में थाना नंदानगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं पॉक्सो अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना नंदानगर में तहरीर देकर बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री काफी समय से पेट दर्द से परेशान थी। जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में उपचार के दौरान अल्ट्रासाउंड और अन्य जांच में चिकित्सकों ने उसे लगभग चार माह की गर्भवती बताया। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि ग्राम मोख मल्ला निवासी राजेन्द्र लाल (21 वर्ष) ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाकर दुष्कर्म किया।

पीड़िता के बयान और साक्ष्यों के आधार पर थाना नंदानगर में मु.अ.सं. 15/2026 के तहत धारा 64(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा धारा 5(j)(2)/6 पॉक्सो अधिनियम में मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए  थाना नंदानगर पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी को कुरूड़ पुल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक नवीन भारद्वाज, हेड कांस्टेबल कुँवर सिंह, कांस्टेबल संदीप कुमार एवं कांस्टेबल शोभन सिंह शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles