डॉ. सायना को फिर मिली चिकित्सा शिक्षा निदेशक की जिम्मेदारी, शासन ने जारी किए तबादला आदेश
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले करते हुए महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन द्वारा 3 अगस्त 2026 को जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार डॉ. सायना को एक बार फिर चिकित्सा शिक्षा निदेशक का प्रभार सौंपा गया है।
आदेश के अनुसार डॉ. सायना, जो वर्तमान में राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर की प्राचार्य थीं, उन्हें चिकित्सा शिक्षा निदेशक के पद पर तैनात किया गया है। वहीं, अब तक चिकित्सा शिक्षा निदेशक का प्रभार संभाल रहे डॉ. अजय कुमार आचार्य को राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी का प्राचार्य बनाया गया है।
स्थानांतरण आदेश में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यस्थलों में भी बदलाव किए गए हैं। डॉ. चन्द्रप्रकाश नैरोड़ा को राजकीय मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा से राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर का प्राचार्य बनाया गया है, जबकि डॉ. चन्द्र सिंह रावत को हरिद्वार से श्रीनगर मेडिकल कॉलेज का प्राचार्य नियुक्त किया गया है। डॉ. जी. एस. तितियाल को हल्द्वानी से अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है तथा डॉ. पंकज सिंह को हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज से हरिद्वार मेडिकल कॉलेज का प्रभारी प्राचार्य बनाया गया है।

