बद्रीनाथ धाम में पुलिस का डबल एक्शन: 25 लीटर कच्ची शराब बरामद, मंदिर परिसर में अशोभनीय हरकत करने वाले तीन युवक चालान

चमोली। श्री बद्रीनाथ धाम की पवित्रता, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और चारधाम यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बद्रीनाथ पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में सख्त कार्रवाई की है।
पुलिस ने 3 अगस्त 2026 को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान भृगुधारा गुफा जाने वाले पैदल मार्ग पर घेराबंदी कर सुरेन्द्र सिंह (75 वर्ष), निवासी ग्राम भृगुधारा, थाना श्री बद्रीनाथ को 25 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कोतवाली श्री बद्रीनाथ में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने मंदिर परिसर के समीप पंजाब निवासी तीन युवकों को सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय हरकतें करते हुए पकड़ा। धाम की गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए तीनों को कोतवाली लाकर पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि श्री बद्रीनाथ धाम की पवित्रता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऑपरेशन प्रहार के तहत इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

