देहरादून कैंट के 48 हजार से अधिक मतदाताओं के अधिकार पर संकट का दावा, आम आदमी पार्टी ने उठाए सवाल

देहरादून कैंट के 48 हजार से अधिक मतदाताओं के अधिकार पर संकट का दावा, आम आदमी पार्टी ने उठाए सवाल
Spread the love

देहरादून। आम आदमी पार्टी ने निर्वाचन आयोग की मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए दावा किया है कि देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र के 48,231 से अधिक मतदाताओं के मताधिकार पर संकट खड़ा हो गया है। पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचन आयोग से इस कथित विसंगति की तत्काल जांच कर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

देहरादून कैंट विधानसभा प्रभारी एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष शरद जैन ने जारी बयान में कहा कि उत्तराखण्ड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में देहरादून कैंट विधानसभा में कुल 1,37,994 मतदाता थे, जबकि वर्तमान मतदाता सूची में यह संख्या 89,763 दर्ज है। उनके अनुसार, इस आधार पर 48,231 मतदाता सूची से बाहर दिखाई दे रहे हैं।

शरद जैन ने कहा कि वर्तमान सूची में 29,685 ASD (Absentee, Shifted, Dead) मतदाता भी दर्ज हैं। उनका दावा है कि यदि इन मतदाताओं को भी वर्तमान सूची में जोड़ दिया जाए, तब भी कुल संख्या 1,19,448 ही होती है, जिससे 18,546 मतदाता अब भी मतदाता सूची से गायब हैं और उनके मताधिकार पर सीधा खतरा बना हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग यह स्पष्ट नहीं कर रहा है कि संबंधित मतदाताओं के नाम किस आधार पर सूची से हटाए गए हैं। आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं निर्वाचन आयोग इस मामले का तत्काल संज्ञान लें, मतदाता सूची में कथित विसंगतियों को दूर करें तथा देहरादून कैंट विधानसभा के प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सुनिश्चित किया जाए।

देवभूमि खबर

Related articles