देहरादून में सड़क सुरक्षा पर सख्ती, ब्लैक स्पॉट सुधारने और अनधिकृत मीडियन क्रॉसिंग बंद करने के डीएम के निर्देश

देहरादून में सड़क सुरक्षा पर सख्ती, ब्लैक स्पॉट सुधारने और अनधिकृत मीडियन क्रॉसिंग बंद करने के डीएम के निर्देश
Spread the love

देहरादून। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को ऋषिपर्णा सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशीष चौहान ने की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने होंगे।

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित स्थलों का विस्तृत सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा उनके सुधार के लिए तत्काल डीपीआर तैयार कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था, बाधक बिजली पोल, ट्रांसफॉर्मर एवं अन्य संरचनाओं को हटाने अथवा स्थानांतरित करने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।

उन्होंने बरसात के कारण सड़कों पर बने गड्ढों की तत्काल मरम्मत, शहरी क्षेत्रों में जलभराव रोकने के लिए ड्रेनेज सिस्टम मजबूत करने तथा वर्षा समाप्त होने के बाद सड़क मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को आशारोड़ी से डाटकाली टनल तक दुर्घटना रोकथाम के लिए सड़क चौड़ीकरण, रम्बल स्ट्रिप, स्ट्रीट लाइट और अन्य सुरक्षा कार्य शीघ्र शुरू करने तथा सभी अनधिकृत मीडियन क्रॉसिंग तत्काल बंद कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में चकराता और कालसी जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में ओवरलोडिंग, खराब वाहन फिटनेस, नियमित रखरखाव के अभाव और ड्रंक एंड ड्राइव को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए परिवहन विभाग को विशेष अभियान चलाकर सख्त प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक सड़क दुर्घटना का सामाजिक एवं आर्थिक सर्वे कराने तथा दुर्घटना स्थलों का तकनीकी विश्लेषण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने स्कूल बसों एवं अन्य विद्यालयी वाहनों की नियमित जांच, फिटनेस, परमिट और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन सुनिश्चित करने के साथ ही बिना हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग न करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क किनारे पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, संकेतक बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे, डिवाइडर, येलो लाइन, स्पीड डिस्प्ले बोर्ड तथा अन्य सड़क सुरक्षा मानकों को निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात जितेन्द्र चौधरी, अपर जिलाधिकारी स्मृता परमार, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनिता चमोला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं सभी उप जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles