लूस में हथियार लहराकर दहशत फैलाने वालों पर SSP अजय गणपति का कड़ा शिकंजा, 08 गिरफ्तार

Spread the love

रुद्रपुर/ऊधमसिंहनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अब तक इस मामले में 08 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 05 अवैध धारदार हथियार (गंडासा, चाकू आदि), 05 दोपहिया वाहन और 01 डीजे वाहन सीज किए गए हैं।

15 अगस्त 2026 को रुद्रपुर बाजार क्षेत्र में निकाले गए जुलूस के दौरान कुछ युवकों द्वारा तलवार, गंडासा, खुकरी और तमंचों जैसे हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन कर आमजन में भय का माहौल पैदा किया गया था। इस दौरान यातायात बाधित होने और सार्वजनिक शांति भंग होने की भी शिकायतें सामने आई थीं।

पुलिस ने घटना के वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की। इस संबंध में थाना कोतवाली रुद्रपुर में FIR संख्या 422/26 धारा 189(2), 189(4), 190, 191(3), 126 एवं 351 BNS के तहत लगभग 30 नामजद एवं अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने अलग-अलग टीमों द्वारा कार्रवाई करते हुए कई अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने 16 अगस्त 2026 को मोदी मैदान क्षेत्र में घेराबंदी कर 03 अभियुक्तों को पकड़ा, जिनके कब्जे से 02 अवैध कापे और 01 फोल्डिंग चाकू बरामद हुआ।

इसके बाद 17 अगस्त 2026 की रात को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने ब्लॉक रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 02 अन्य अभियुक्तों करन साहनी और गोविन्दा गुप्ता को गिरफ्तार किया। इनके पास से 02 अवैध गंडासे और 03 मोटरसाइकिल बरामद की गईं।

अभियुक्तों से जुड़े 05 दोपहिया वाहनों के वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर उन्हें मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया है। साथ ही 15 अगस्त की घटना में प्रयुक्त 01 डीजे वाहन को भी सीज किया गया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची

1. करन साहनी, निवासी भूरारानी, रुद्रपुर
2. गोविन्दा गुप्ता, निवासी सुभाष कॉलोनी, रुद्रपुर
3. राजीव, निवासी दुर्गा कॉलोनी, भूरारानी
4. हर्ष उर्फ भोला, निवासी दुर्गा कॉलोनी, भूरारानी
5. अभिषेक उर्फ कालू, निवासी दुर्गा कॉलोनी, भूरारानी
6. मोहम्मद हसन नवाब अली, निवासी प्रीत विहार, रुद्रपुर
7. सक्षम राजपुर, निवासी रुद्रपुर, ऊधमसिंहनगर
8. अभय विश्वकर्मा, निवासी श्याम टाकीज, ट्रांजिट कैंप, ऊधमसिंहनगर

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 15 अगस्त की घटना से जुड़े वीडियो फुटेज का लगातार विश्लेषण किया जा रहा है। फुटेज में दिखाई देने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान और भूमिका की जांच की जा रही है। जो भी व्यक्ति हथियार लेकर जुलूस में शामिल हुआ, हथियार लहराकर दहशत फैलाने में शामिल पाया गया या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करता पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने साफ किया है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच पूरी गंभीरता के साथ आगे बढ़ाई जा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles