एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, चार गिरफ्तार
देहरादून। एसएसपी देहरादून की रणनीति के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के बैंक खातों से रकम उड़ाने वाले अंतरराज्यीय ठग गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 192 एटीएम/डेबिट कार्ड, एक देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, कार, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी खास तौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और सीधे-सादे लोगों को निशाना बनाते थे। एटीएम बूथ पर पैसे निकालने के दौरान मदद करने के बहाने उनका कार्ड चतुराई से बदल लेते थे। इसके बाद पिन की जानकारी हासिल कर दूसरे स्थान से उनके बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे। घटना के बाद आरोपी कार या मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो जाते थे।
21 अगस्त को विकासनगर पुलिस को हरबर्टपुर चौक के पास गश्त एवं चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चार संदिग्ध व्यक्ति स्विफ्ट कार और मोटरसाइकिल से क्षेत्र में घूम रहे हैं और एटीएम कार्ड बदलकर ठगी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने पोंटा रोड, हरबर्टपुर स्थित ढालीपुर पुल से पहले आम के बगीचे के पास एक स्विफ्ट कार को रोककर उसमें सवार चारों संदिग्धों की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 192 एटीएम/डेबिट कार्ड, 12 बोर का देसी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, ₹1,200 नकद, दो मोबाइल फोन, एक स्विफ्ट कार और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई। मोटरसाइकिल को ई-चालान मशीन से चेक करने पर उसका नंबर UK17 X 0425 पाया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगमोहन निवासी सहारनपुर, नीटू निवासी मुजफ्फरनगर, सोनू निवासी सहारनपुर और आशु कुमार निवासी रुड़की के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, असम, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और देहरादून समेत विभिन्न स्थानों पर एटीएम ठगी एवं धोखाधड़ी की घटनाओं में जेल जा चुके हैं। आरोपियों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0 224/2026, धारा 313/318(4)/3(5) बीएनएस एवं धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण, व0उ0नि0 शिशुपाल सिंह राणा, उ0नि0 मयंक त्यागी, उ0नि0 सनोज कुमार सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
