HTML tutorial
HTML tutorial

एम.यू.वाई. चौपाल से ग्रामीण उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा, स्थानीय उद्यमियों को दी योजनाओं की जानकारी

एम.यू.वाई. चौपाल से ग्रामीण उद्यमिता को मिलेगा बढ़ावा, स्थानीय उद्यमियों को दी योजनाओं की जानकारी
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी से करीब 22 किलोमीटर दूर विकास भवन भीमताल में ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (MUY) चौपाल का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य इच्छुक उद्यमियों को प्रशिक्षण, क्षमता विकास, वित्तीय सहायता, उद्यम स्थापना और मार्केट लिंकेज से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल जोशी और मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में ग्रामीण उद्यमिता को मजबूत करने तथा स्थानीय स्तर पर युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान राज्य स्तरीय मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना। मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों की सराहना करते हुए ‘लखपति दीदी’ से ‘करोड़पति दीदी’ बनने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए अतिथियों ने आईईसी जागरूकता वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन गांव-गांव जाकर योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां आमजन और इच्छुक उद्यमियों तक पहुंचाएगी।

एम.यू.वाई. चौपाल में स्थानीय उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के लिए उपलब्ध प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, क्षमता विकास और विपणन सुविधाओं की जानकारी दी गई। स्थानीय उद्यमियों ने अपने अनुभव और सफलता की कहानियां भी साझा कीं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, एनआरएलएम एवं ग्रामोत्थान योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए। अतिथियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों की सराहना की और उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।

अधिकारियों ने बताया कि एम.यू.वाई. चौपाल के माध्यम से योजनाओं और सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा, ताकि ग्रामीण युवा, महिलाएं और इच्छुक उद्यमी नए उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित हो सकें। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता की संस्कृति विकसित करने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करना और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में एनआरएलएम, REAP, RSETI, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, बीएमएम, एबीडीओ, आईपीआरपी, आरसेटी फैकल्टी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles