HTML tutorial
HTML tutorial

आईसीजेएस से तेज होगी न्याय प्रक्रिया, कोर्ट मोहर्रिर और पैरोकारों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

आईसीजेएस से तेज होगी न्याय प्रक्रिया, कोर्ट मोहर्रिर और पैरोकारों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
Spread the love

हल्द्वानी। न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता, तेजी और तकनीकी सुदृढ़ीकरण की दिशा में हल्द्वानी पुलिस ने महत्वपूर्ण पहल की है। अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार ने हल्द्वानी स्थित न्यायालयों के सभी कोर्ट मोहर्रिर एवं पैरोकारों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण आयोजित कर उन्हें आईसीजेएस (Inter-operable Criminal Justice System) सॉफ्टवेयर के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण के दौरान कोर्ट मोहर्रिर एवं पैरोकारों को कोर्ट के आईसीटी पोर्टल के माध्यम से आईसीजेएस पर एफआईआर और चार्जशीट को सुगमता से कंज्यूम करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही सॉफ्टवेयर के संचालन से जुड़ी विभिन्न तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी गई।

अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार ने कहा कि डिजिटल युग में पुलिसिंग और न्याय प्रणाली को अधिक पेपरलेस, पारदर्शी और तेज बनाने में आईसीजेएस महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके माध्यम से थानों से भेजी जाने वाली एफआईआर और आरोप-पत्र न्यायालय के सॉफ्टवेयर तक डिजिटल एवं सुरक्षित तरीके से पहुंच सकेंगे। इससे दस्तावेजों के आदान-प्रदान में लगने वाला समय कम होगा और न्यायालयों में मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया को गति मिलेगी।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान मौजूद सभी कोर्ट मोहर्रिर एवं पैरोकारों को सॉफ्टवेयर के संचालन की बारीकियों से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों की तकनीकी समस्याओं और जिज्ञासाओं का मौके पर ही समाधान किया गया। पुलिस की इस पहल से न्यायिक प्रक्रिया में तकनीक के बेहतर इस्तेमाल के साथ-साथ कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ने की उम्मीद है।

देवभूमि खबर

Related articles