‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ को दून पुलिस ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई, गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत तीन गिरफ्तार
ऋषिकेश। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर संगठित अपराधों में लिप्त अपराधियों के खिलाफ दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ऋषिकेश पुलिस ने भूमि एवं पारिवारिक विवादों में लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अवैध वसूली और ब्लैकमेलिंग जैसे मामलों में कथित रूप से सक्रिय गिरोह के गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा समेत तीन आरोपियों को गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी स्वयं को ‘किंग ऑफ उत्तराखंड’ बताकर लोगों पर अपना प्रभाव और भय कायम करता था।
पुलिस के मुताबिक जगजीत उर्फ जग्गा अपने साथियों के साथ मिलकर क्षेत्र में एक संगठित गिरोह संचालित कर रहा था। गिरोह द्वारा भूमि और पारिवारिक विवादों में हस्तक्षेप कर पक्षकारों को डराने-धमकाने, जबरन विवाद सुलझाने, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कथित रूप से वसूली एवं ब्लैकमेलिंग करने तथा घरों में घुसकर मारपीट और गाली-गलौज करने जैसे आरोप सामने आए हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरोह ने क्षेत्र में भय का माहौल बना रखा था, जिसके चलते स्थानीय लोग इनके खिलाफ शिकायत करने से भी डरते थे। पुलिस के अनुसार जगजीत उर्फ जग्गा और उसके गिरोह के सदस्यों के खिलाफ वर्ष 2016 से 2026 के बीच गंभीर आपराधिक मामलों के 11 अभियोग दर्ज हैं।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई थी। सक्षम न्यायालय से अनुमोदन मिलने के बाद कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 405/2026 के तहत धारा 2(ख)(i), 2(ख)(iii)/3 गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार गैंग लीडर जगजीत उर्फ जग्गा की निशानदेही पर उसके घर से ‘KING OF उत्तराखण्ड’ लिखा बोर्ड बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी इस बोर्ड के माध्यम से लोगों में अपना प्रभाव और भय कायम करने का प्रयास करता था।
गिरफ्तार आरोपियों में जगजीत उर्फ जग्गा पुत्र हरविन्द्र सिंह, निवासी मायाकुंड, ऋषिकेश, उम्र 39 वर्ष, गैंग लीडर; प्रणव उर्फ राघव बत्रा, निवासी सोमेश्वर नगर, ऋषिकेश, उम्र 20 वर्ष; तथा दीपेश कुमार, निवासी कृष्णानगर कॉलोनी, ऋषिकेश, उम्र 27 वर्ष शामिल हैं।
मामले में नामजद रवि गुप्ता पुत्र सुरेश चंद्र गुप्ता, निवासी शिवाजी नगर, ऋषिकेश फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई में कोतवाली ऋषिकेश एवं डोईवाला पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, निरीक्षक राकेश गुसाईं, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक देवेंद्र पंवार, जगमोहन सिंह, विकसित पंवार, बिनेश कुमार, राजनारायण सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
