साइबर ठगों पर नैनीताल पुलिस का डिजिटल स्ट्राइक, 378 संदिग्ध सिम और 361 मोबाइल नंबरों पर कार्रवाई

साइबर ठगों पर नैनीताल पुलिस का डिजिटल स्ट्राइक, 378 संदिग्ध सिम और 361 मोबाइल नंबरों पर कार्रवाई
Spread the love

नैनीताल। साइबर अपराधियों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 378 संदिग्ध सिम और 361 आईएमईआई नंबरों को चिन्हित किया है। पुलिस मुख्यालय देहरादून स्तर से चलाए जा रहे हॉटस्पॉट अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए यह कार्रवाई की गई।

साइबर टीम और थाना पुलिस ने समन्वय पोर्टल के प्रतिबिम्ब के माध्यम से संदिग्ध मोबाइल नंबरों का विवरण प्राप्त कर उनकी तकनीकी जांच की। जांच के दौरान साइबर अपराध एवं धोखाधड़ी से संबंधित गतिविधियों में इस्तेमाल किए जा रहे 378 सिम कार्ड और 361 आईएमईआई नंबरों को चिन्हित किया गया। इन नंबरों के कनेक्शन बंद कराने के लिए संबंधित स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, सत्यापन एवं साइबर अपराध संबंधी जांच में इन मोबाइल नंबरों का उपयोग संदिग्ध एवं साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियों में होना सामने आया। ऐसे में भविष्य में इन नंबरों के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी और अन्य अपराधों पर रोक लगाने के उद्देश्य से इनके डिस्कनेक्शन की प्रक्रिया शुरू की गई है।

साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर लगातार नजर
नैनीताल पुलिस की साइबर टीम, एसओजी और थाना पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से संदिग्ध मोबाइल नंबरों की पहचान कर उन्हें निष्क्रिय कराने की कार्रवाई भी लगातार जारी है।

नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी जानकारी, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड, CVV अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और संबंधित बैंक या वित्तीय संस्था को भी तुरंत सूचित करें।

देवभूमि खबर

Related articles