हल्द्वानी डकैती कांड में नैनीताल पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, चार और आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी डकैती कांड में नैनीताल पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, चार और आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर हुई लाखों रुपये की डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने सुरागरसी, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस, 18 हजार रुपये की नकदी और वारदात में प्रयुक्त क्रेटा व स्कॉर्पियो वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 19 अगस्त 2026 को डायल-112 के माध्यम से गोरापड़ाव क्षेत्र में 10-12 हथियारबंद लोगों द्वारा लूटपाट किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर हल्द्वानी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मामले में वादी नारायण दास ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने गोरापड़ाव स्थित उनके कार्यालय/गैरेज में डकैती डालकर करीब 8 लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन तथा सोने की तीन चेन और अंगूठियां लूट लीं।

तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 284/2026, धारा 310(2) बीएनएस के तहत 10 अज्ञात हथियारबंद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सौंपी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल करीब 50 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी सहित विभिन्न थाना प्रभारियों, एसओजी, साइबर टीम और क्राइम विशेषज्ञों को शामिल किया गया।

बीड़ीएस डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल की बारीकी से जांच की। एसएसपी ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना के दौरान मौजूद लोगों से जानकारी ली और पुलिस टीमों को अलग-अलग टास्क सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। इस कार्रवाई में पहले 21 अगस्त को दो आरोपियों वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को विभिन्न राज्यों में रवाना किया गया था।

पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को अमनदीप सिंह और शिवराज सिंह को नई दिल्ली के डीएनडी फ्लाईओवर-जैतपुर मोड़ से गिरफ्तार किया गया। वहीं 23 अगस्त को यश सिडाना को हल्द्वानी और अफजल मलिक को किच्छा से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश सिडाना पुत्र विजय कुमार, निवासी किच्छा, उम्र 24 वर्ष; अमनदीप सिंह पुत्र हरवंश सिंह, निवासी जैतपुर गांव, नई दिल्ली, उम्र 21 वर्ष; शिवराज सिंह पुत्र प्रीतपाल सिंह, निवासी अमरिया, पीलीभीत, उम्र 21 वर्ष; तथा अफजल मलिक पुत्र अमजद हुसैन, निवासी बक्सपुर, अमरिया, पीलीभीत, उम्र 21 वर्ष के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस और धारा 3/25 आर्म्स एक्ट की भी बढ़ोतरी की है। पूछताछ में आरोपियों द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है।

यश सिडाना के कब्जे से क्रेटा कार संख्या UK 06BE-9091, एक 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। अमनदीप सिंह से स्कॉर्पियो संख्या DL1CA-1984, एक 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। शिवराज सिंह के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस, जबकि अफजल मलिक से 18 हजार रुपये नकद, एक 12 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार यश सिडाना के खिलाफ पूर्व में भी किच्छा थाने में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित मुकदमा दर्ज है। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

डकैती की घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस डॉग स्क्वायड एवं क्राइम सीन विशेषज्ञों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया।

देवभूमि खबर

Related articles