रिजर्व पुलिस लाइन गोपेश्वर में विधि-विधान से हुई श्री राधा-कृष्ण की प्राण प्रतिष्ठा

गोपेश्वर। रिजर्व पुलिस लाइन गोपेश्वर स्थित मंदिर में श्री राधा-कृष्ण की नवीन मूर्तियों की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा धार्मिक श्रद्धा और विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार मौजूद रहे।
मंदिर के पुजारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और हवन कराया गया। हवन में पुलिस परिवार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रद्धापूर्वक आहुति देकर जनपद एवं पुलिस परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और मंगल की कामना की। इसके बाद श्री राधा-कृष्ण की नवीन मूर्तियों को मंदिर में विधिवत स्थापित कर प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई।
रिजर्व पुलिस लाइन स्थित यह मंदिर लंबे समय से पुलिस परिवार और गोपेश्वरवासियों की आस्था का केंद्र रहा है। श्री राधा-कृष्ण की मूर्तियों की स्थापना के बाद मंदिर की आध्यात्मिक गरिमा और बढ़ गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ श्री राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना की। उन्होंने जनपदवासियों एवं समस्त पुलिस परिवार के सुख-शांति, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा, प्रतिसार निरीक्षक जितेन्द्र जोशी, यातायात निरीक्षक दिगम्बर उनियाल, प्रभारी निरीक्षक गोपेश्वर अनुरोध व्यास सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
