कोरोनेशन व रायपुर अस्पताल में मरीजों की सेवा के साथ मनाया सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह का जन्मदिवस

देहरादून। टिहरी गढ़वाल की सांसद श्रीमती माला राज्य लक्ष्मी शाह का जन्मदिवस सेवा, संवेदना और जनकल्याण के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देहरादून के जिला अस्पताल कोरोनेशन एवं सामुदायिक अस्पताल रायपुर में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की मंगलकामना की गई।
इस दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों से आत्मीयता के साथ कुशलक्षेम पूछी गई तथा उनके स्वास्थ्य और सुखद जीवन की कामना की गई। जन्मदिवस जैसे विशेष अवसर को जरूरतमंदों की सेवा और पीड़ित मानवता के प्रति संवेदना को समर्पित कर ‘सेवा ही सबसे बड़ा उत्सव’ की भावना को साकार करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह का जन्मदिवस सेवा और सामाजिक सरोकारों से जोड़कर मनाना जनप्रतिनिधित्व की संवेदनशील एवं मानवीय भावना का उदाहरण है। ऐसे प्रयास समाज में करुणा, सहयोग और परोपकार की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. यतेन्द्र सिंह, हिमालयन हेरिटेज सोसाइटी के सचिव रजनीश कौंसवाल, गढ़वाल मंडल विकास निगम के डायरेक्टर पारस गोयल, बाल साहित्यकार ललित शौर्य, सामाजिक कार्यकर्ता राजेश राणा, अधिवक्ता आशीष रतूड़ी, पार्टी के युवा कार्यकर्ता सुनील डोभाल, दिवाकर नौटियाल सहित अनेक शुभचिंतक एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उपस्थित सभी लोगों ने सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु, सुखमय एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की।
कार्यक्रम केवल फल वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मानवता, करुणा और जनसेवा के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश भी दिया। सेवा के इस प्रयास ने जन्मदिवस को जरूरतमंदों के साथ आत्मीयता और संवेदना साझा करने के सार्थक अवसर में बदल दिया।
