HTML tutorial
HTML tutorial

72 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, डंपर चालक समेत दो गिरफ्तार

72 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, डंपर चालक समेत दो गिरफ्तार
Spread the love

काशीपुर। ऊधमसिंहनगर के काशीपुर में सड़क किनारे 19 वर्षीय युवती का शव मिलने के मामले का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा करते हुए डंपर चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंपर, लोहे का हुक और मृतका का मोबाइल व बैग समेत अन्य सामान बरामद किया है।

20 अगस्त 2026 की सुबह धनौरी पट्टी, रामनगर रोड पर सड़क किनारे युवती का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतका के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने स्वयं संज्ञान लेते हुए काशीपुर पुलिस को शीघ्र खुलासे के सख्त निर्देश दिए।

पुलिस ने घटनास्थल से लेकर मृतका के घर तक जाने वाले संभावित मार्गों पर लगे करीब 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मृतका और संदिग्ध व्यक्तियों के मोबाइल नंबरों की सीडीआर तथा लोकेशन का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान चैती मेला रोड से चीमा चौराहा, रामनगर रोड, केलामोड़ होते हुए ओंकार स्टोन क्रेशर की ओर जाने वाले एक डंपर को संदिग्ध पाया गया।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने डंपर संख्या UK15CA-1437 को चिन्हित किया। वाहन स्वामी से पूछताछ में पता चला कि घटना के समय डंपर को राजू पुत्र ललित, निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई, ऊधमसिंहनगर चला रहा था और उसके साथ सुमित पुत्र राजू, निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, काशीपुर मौजूद था।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त की सुबह दोनों खनिज सामग्री लेने क्रेशर की ओर जा रहे थे। चैती मैदान के पास एक युवती ने डंपर रुकवाया और वह उसमें सवार हो गई। कुछ आगे जाने के बाद राजू ने सुमित को डंपर चलाने के लिए कहा और स्वयं युवती के पास बैठ गया।

पुलिस के मुताबिक, एकांत स्थान पर राजू ने युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर युवती ने राजू के हाथ में दांत काट लिया। इसके बाद राजू ने डंपर में रखे लोहे के हुक से युवती के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी डंपर के अंदर ही मौत हो गई।

आरोप है कि इसके बाद दोनों ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और क्रेशर की ओर चले गए। घटना के बाद मृतका का मोबाइल डंपर में ही छूट गया था। पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से आरोपियों ने मोबाइल को ओंकार स्टोन क्रेशर से पहले सड़क पर रख दिया। हालांकि सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

23 अगस्त 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर डंपर से घटना में प्रयुक्त लोहे का हुक, मृतका का बैग और मोबाइल फोन बरामद किया गया। बैग से मृतका का आधार कार्ड, बैंक पासबुक और आयुष्मान कार्ड भी मिले। इसके अलावा घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में राजू पुत्र ललित (39 वर्ष) निवासी कचनालगुसाई, थाना आईटीआई और सुमित पुत्र राजू (19 वर्ष) निवासी धनौरी पट्टी लक्ष्मीपुर, थाना काशीपुर शामिल हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस की पैनी नजर से बच नहीं सकता। उन्होंने कहा कि ऊधमसिंहनगर पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles