कुंभ-2027 से पहले हरिद्वार में PNG के सभी कार्य पूरे हों: मुख्य सचिव

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में प्रदेश में बिछाई जा रही पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) पाइपलाइन और कनेक्शन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों, गैस कंपनियों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि बारिश का मौसम समाप्त होने और सड़क खुदाई की अनुमति मिलते ही PNG पाइपलाइन बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से हरिद्वार जनपद में कुंभ-2027 से पहले PNG से संबंधित सभी आवश्यक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी जनपदों में संबंधित एजेंसियों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा, ताकि जिन क्षेत्रों में नई सड़कें अथवा अन्य निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं, वहां पहले से ही PNG पाइपलाइन के लिए प्रावधान किया जा सके। इससे भविष्य में बार-बार सड़क खोदने की आवश्यकता नहीं होगी और समय एवं संसाधनों की बचत होगी।
मुख्य सचिव ने आपूर्ति विभाग को गैस कंपनियों के लिए PNG इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार हेतु भूमि आवंटन, किराये और लीज से संबंधित स्पष्ट नीति शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे विभिन्न जनपदों में PNG प्लांट और अन्य आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भूमि हस्तांतरण में आने वाली समस्याओं का समाधान होगा और कार्यों में तेजी आएगी।
उन्होंने प्रस्तावित नीति में रोड कटिंग और रोड डिगिंग पॉलिसी को भी शामिल करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सड़क और अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों को खोदाई के बाद पूर्व स्वरूप में लाने का कार्य निर्धारित शर्तों के अनुसार शीघ्र पूरा किया जाए।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित एजेंसियों को प्रत्येक कार्य के लिए विस्तृत टाइमलाइन और टाइमफ्रेम निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि PNG विस्तार से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकें। उन्होंने भारत सरकार की गोवर्धन योजना के तहत उपलब्ध सब्सिडी का लाभ लेने की दिशा में भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में अपर सचिव श्रीमती रूचि मोहन रयाल, आयुक्त खाद्य एवं आपूर्ति श्री बी.एल. राणा, अपर आयुक्त श्री पी.एस. पांगती सहित विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारी और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
