रुड़की से दिल्ली और मोदीनगर के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू, मंत्री प्रदीप बत्रा ने दिखाई हरी झंडी

रुड़की से दिल्ली और मोदीनगर के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू, मंत्री प्रदीप बत्रा ने दिखाई हरी झंडी
Spread the love

रुड़की। रुड़की से दिल्ली और मोदीनगर जाने वाले यात्रियों को सोमवार को बड़ी सौगात मिली। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने रुड़की रोडवेज बस अड्डे से दिल्ली और मोदीनगर के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा का शुभारंभ करते हुए बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई सेवा से यात्रियों को दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए आवागमन का आधुनिक और सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध होगा।

परिवहन मंत्री ने बताया कि निजी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन रुड़की से मोदीनगर और दिल्ली के लिए प्रतिदिन दो बसों के रूप में किया जाएगा। बसें रुड़की रोडवेज बस अड्डे से निर्धारित समय पर रवाना होंगी। सेवा शुरू होने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को परिवहन के अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे और उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।

मंत्री ने बताया कि इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। बसें वातानुकूलित (AC) होंगी और इनमें CCTV कैमरों की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इससे यात्रियों को आरामदायक यात्रा के साथ बेहतर सुरक्षा व्यवस्था मिल सकेगी।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों का संचालन पर्यावरण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इससे सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक स्वरूप देने के साथ प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।

परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इलेक्ट्रिक बस सेवा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यात्रियों की जरूरतों के अनुरूप परिवहन सेवाओं को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जाएंगे।

रुड़की से दिल्ली के बीच इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने पर स्थानीय लोगों और नियमित रूप से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों में भी उत्साह देखने को मिला। लंबे समय से बेहतर परिवहन विकल्प की मांग कर रहे यात्रियों के लिए इसे महत्वपूर्ण सुविधा माना जा रहा है।

इस अवसर पर एआरटीओ जितेंद्र कुमार, परिवहन प्राधिकरण सदस्य संजय अरोड़ा, हरदीप सिंह, विशाल वर्मा, संजीव तोमर सहित परिवहन विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles