कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों को प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं के मूल्यों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने और आम जनता को उचित दरों पर आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी के माध्यम से कृत्रिम रूप से कीमतें बढ़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग सहित संबंधित विभागों को बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और उनके मूल्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर आवश्यक वस्तुओं की कृत्रिम कमी पैदा कर उपभोक्ताओं से निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली न होने पाए। इसके लिए बाजार में मांग और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा आवश्यकता के अनुसार समयबद्ध कदम उठाए जाएं।
उन्होंने सभी जनपदों में प्रशासन को नियमित रूप से बाजारों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आवश्यक वस्तुओं के निर्धारित एवं प्रचलित बाजार मूल्यों के साथ-साथ स्टॉक की स्थिति की भी जांच की जाए। कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक वृद्धि का सीधा असर आम नागरिकों के घरेलू बजट पर पड़ता है। इसलिए मूल्य नियंत्रण से संबंधित सभी व्यवस्थाएं प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए।
उन्होंने शासन एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए बाजार की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
