टूरिस्ट बस में छिपाकर ले जा रहे थे 348 कनस्तर लीसा, बाजपुर पुलिस ने चार तस्करों को दबोचा

टूरिस्ट बस में छिपाकर ले जा रहे थे 348 कनस्तर लीसा, बाजपुर पुलिस ने चार तस्करों को दबोचा
Spread the love

बाजपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में बाजपुर पुलिस ने अवैध लीसा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए टूरिस्ट बस से 348 कनस्तर लीसा बरामद किया है। बरामद लीसे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने लीसा तस्करी में प्रयुक्त टूरिस्ट बस को भी सीज कर दिया है।

त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में एसपी काशीपुर और सीओ बाजपुर के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में कोतवाली बाजपुर की सुल्तानपुर पट्टी चौकी पुलिस छोई मोड़ पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टूरिस्ट बस संख्या UK12-PB-0381 को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान पुलिस को बस की सभी सीटें उखड़ी हुई मिलीं और अंदर काली पन्नी बिछी हुई थी। पन्नी हटाकर जांच करने पर बड़ी मात्रा में लीसे के कनस्तर बरामद हुए। बस की डिग्गी की तलाशी लेने पर वहां भी लीसे के कनस्तर मिले। गिनती करने पर कुल 348 कनस्तर अवैध लीसा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि लीसा द्वाराहाट, अल्मोड़ा से बस में भरकर पुलभट्टा टोल प्लाजा के पास स्थित एक कंपनी में पहुंचाया जाना था। इसके बदले उन्हें कमीशन मिलना था। लीसे के परिवहन से संबंधित कोई वैध रवन्ना, लाइसेंस अथवा अन्य वैध दस्तावेज आरोपी पुलिस को नहीं दिखा सके।

पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में कोतवाली बाजपुर में FIR संख्या 309/2026, धारा 26/52 वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार अवैध रूप से लीसे का दोहन और तस्करी वन संपदा को नुकसान पहुंचाने के साथ पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

  1. मनोज सिंह, पुत्र नंदन सिंह, निवासी विठोरिया नंबर-1, हल्द्वानी, उम्र 35 वर्ष।
  2. भवान सिंह, पुत्र मोती सिंह, निवासी ग्राम देवली, थाना लमगड़ा, अल्मोड़ा, उम्र 42 वर्ष।
  3. हेमचंद्र महतोलिया, पुत्र चंद्र बल्लभ महतोलिया, निवासी गांधीनगर नंबर-2, बिंदुखत्ता, उम्र 39 वर्ष।
  4. पान सिंह, पुत्र दान सिंह, निवासी ग्राम जैती, थाना लमगड़ा, अल्मोड़ा, उम्र 60 वर्ष।

बरामदगी

  • 348 कनस्तर अवैध लीसा, अनुमानित कीमत ₹10.50 लाख।
  • लीसा परिवहन में प्रयुक्त टूरिस्ट बस UK12-PB-0381।

गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम

उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी सुल्तानपुर पट्टी; हेड कांस्टेबल जगत सिंह अधिकारी; कांस्टेबल नवल किशोर; कांस्टेबल कैलाश काला तथा कांस्टेबल रमेश पांडे शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles