20 लाख छात्र दिखाएंगे ‘विकसित भारत’ का संकल्प, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताओं में झलकेगी नई सोच

20 लाख छात्र दिखाएंगे ‘विकसित भारत’ का संकल्प, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताओं में झलकेगी नई सोच
Spread the love

देहरादून। प्रदेशभर के शासकीय, अशासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने और उनमें विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में विद्यालयी, संस्कृत, तकनीकी एवं उच्च शिक्षा संस्थानों के 20 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के प्रतिभाग करने की उम्मीद है।

प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को अपने शासकीय आवास पर चारों विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को ‘सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 25 वर्ष’ अभियान के तहत प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डाॅ. रावत ने कहा कि ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थी विकसित भारत को लेकर अपने विचार, सपने और संकल्प रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करेंगे। विद्यालयों में उत्कृष्ट चित्रों एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, ताकि विद्यार्थियों की प्रतिभा को व्यापक मंच मिल सके।

उन्होंने बताया कि विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके बाद चयनित प्रतिभागियों को जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं एवं प्रदर्शनियों में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। जिला स्तर पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रतियोगिताओं का आयोजन कर उत्कृष्ट प्रतिभागियों का राज्य स्तर के लिए चयन करेंगे।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। मंत्री ने सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को आयोजन की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विद्यालयी शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग आपसी समन्वय से अभियान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें और उसकी प्रभावी पहुंच प्रत्येक शिक्षण संस्थान तक सुनिश्चित करें।

बैठक में सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक गैरोला, सचिव विद्यालयी शिक्षा डाॅ. ज्योति यादव, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोण्डे, अपर सचिव उच्च शिक्षा मनुज गोयल, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, निदेशक माध्यमिक शिक्षा वी.पी. सिमल्टी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे

देवभूमि खबर

Related articles