नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक गिरफ्तार
ऋषिकेश। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस ने होटल प्रबंधन की भूमिका सामने आने पर होटल मैनेजर और संचालक को भी गिरफ्तार किया है। साथ ही होटल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी गई है।
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त को एक व्यक्ति ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर देकर बताया कि 29 अगस्त को उसकी 16 वर्षीय बेटी को मुजफ्फरनगर निवासी युवक बहला-फुसलाकर पुराना रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल गंगा इन में ले गया, जहां उसके साथ मारपीट और दुष्कर्म किया गया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने पीड़िता को एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए 31 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी सोफियान को हरिद्वार के सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसमें घटना से संबंधित फोटो-वीडियो मिलने की बात पुलिस ने कही है।
जांच में होटल में नाबालिग को कथित तौर पर बिना उचित पहचान और सत्यापन के ठहराए जाने तथा आवश्यक रजिस्टर में प्रविष्टि नहीं किए जाने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी होने के बावजूद होटल प्रबंधन द्वारा पुलिस या संबंधित सहायता एजेंसी को सूचना नहीं दी गई। इसके अलावा पीड़िता को होटल से बाहर ले जाते समय सीसीटीवी कैमरे बंद किए जाने के तथ्य भी सामने आए।
पुलिस ने होटल मैनेजर वैभव गुप्ता और संचालक राहुल अग्रवाल को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मामले में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने बताया कि अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। होटल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए सराय एक्ट के तहत एसडीएम ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी गई है।
