फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 3.86 लाख की साइबर ठगी करने वाला इनामी आरोपी गिरफ्तार

फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 3.86 लाख की साइबर ठगी करने वाला इनामी आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

पौड़ी। फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर साइबर ठगी करने वाले एक इनामी आरोपी को पौड़ी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कोटद्वार निवासी व्यक्ति से 3.86 लाख रुपये की साइबर ठगी करने का आरोप है। पुलिस जांच में आरोपी के नौ बैंक खातों में करीब 1.50 करोड़ रुपये की साइबर ठगी से जुड़ी धनराशि आने और ट्रांसफर किए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने करीब 7 लाख रुपये की धनराशि फ्रीज कराई है।

पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को कोटद्वार निवासी रोहिताश कुमार ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने क्वांटम कैपिटल कंपनी के माध्यम से फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश का झांसा देकर उनसे 3,86,000 रुपये की ठगी की। शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा संख्या 123/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

 पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस, बैंक खातों की जांच और सुरागरसी के माध्यम से मामले की पड़ताल शुरू की। जांच में आशीष रिचर्ड निवासी रुड़की की संलिप्तता सामने आई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने कुल 9 बैंक खाते खोल रखे थे। इन खातों में करीब 1.50 करोड़ रुपये की साइबर ठगी से संबंधित रकम आने और अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए जाने के साक्ष्य मिले। पुलिस के मुताबिक रकम का बड़ा हिस्सा आरोपी द्वारा खुर्द-बुर्द किया जा चुका था।

गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार फरार चल रहा था और मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। आरोपी की गिरफ्तारी पर एसएसपी पौड़ी द्वारा 1,500 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपनी पत्नी से मिलने के लिए पौड़ी आ रहा है, जो पौड़ी स्थित एक सरकारी अस्पताल में कार्यरत है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 1 सितंबर 2026 को पौड़ी में इनामी आरोपी आशीष रिचर्ड पुत्र प्रकाश बैंजमिन, निवासी रुड़की, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ कोलकाता, काशी, कर्नाटक, अमृतसर, तमिलनाडु सहित अन्य राज्यों एवं स्थानों से साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी के नेटवर्क और अन्य जुड़े मामलों की जानकारी जुटा रही है।

देवभूमि खबर

Related articles