48 घंटे में लूट का खुलासा, मुनिकीरेती पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

टिहरी । टिहरी पुलिस ने लूट की वारदात का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग किशोर को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 12,500 रुपये नकद और Tecno Spark मोबाइल फोन बरामद किया है। दो आरोपियों से एक-एक चाकू भी बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे स्वामीनारायण आश्रम के पास हरेन्द्र सिंह भंडारी के साथ तीन अज्ञात व्यक्तियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़ित ने 1 सितम्बर को थाना मुनिकीरेती में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि आरोपियों ने उससे 14 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी टिहरी ने अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेन्द्रनगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास के मार्गों पर लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज, सुरागरसी और पतारसी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने 2 सितम्बर को खारा स्रोत पुल के पास से अमन प्रसाद और अंकित को गिरफ्तार किया तथा एक नाबालिग किशोर को संरक्षण में लिया। तलाशी के दौरान अमन के कब्जे से 5,000 रुपये व चाकू, अंकित से 4,000 रुपये व चाकू तथा नाबालिग के कब्जे से 3,500 रुपये नकद और पीड़ित का मोबाइल फोन बरामद हुआ।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। चाकू बरामद होने पर आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा भी दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपी अमन प्रसाद, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी चन्द्रेश्वर नगर, ऋषिकेश का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल जा चुका है। पुलिस आरोपियों की अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि विधि विवादित किशोर के संबंध में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
