मूसलाधार बारिश से नैनीताल में सन्नाटा, वीकेंड पर गुलजार रहने वाली नैनी झील और मालरोड वीरान

रिपोर्ट : ललित जोशी
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल समेत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। वीकेंड पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाली नैनी झील, मालरोड और आसपास के प्रमुख स्थल रविवार को बारिश के चलते पूरी तरह वीरान नजर आए।
लगातार हो रही बारिश के कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों, कस्बों और गली-मोहल्लों से आने वाला तेज बहाव का पानी नालों के माध्यम से सीधे नैनी झील में समा रहा है। वहीं, भारी बारिश के चलते दो राज्य मार्गों समेत करीब 20 मार्ग बंद बताए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के कई संपर्क मार्ग भी प्रभावित हुए हैं। पहाड़ों से पत्थर और मलबा गिरने के कारण कई स्थानों पर यातायात बाधित होने की सूचना है।
मूसलाधार बारिश के कारण शहर और आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राहत की बात यह रही कि रविवार का दिन होने के कारण स्कूलों और अधिकांश सरकारी कार्यालयों में अवकाश रहा, जिससे स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और अधिकारियों को खराब मौसम के बीच अनावश्यक आवागमन नहीं करना पड़ा। इसके चलते मालरोड सहित शहर के तमाम प्रमुख स्थानों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा सन्नाटा पसरा रहा।
भारी बारिश का असर नैनी झील में नौकायन पर भी पड़ा है। झील में खड़ी कई नावों में बारिश का पानी भर गया, जिससे नाव चालकों और मालिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी ओर, शहर के विभिन्न इलाकों में घरों और दुकानों में पानी घुसने की भी सूचनाएं सामने आई हैं।
लगातार बारिश के कारण नदी-नाले, गाड़-गधेरे भी उफान पर हैं। ऐसे में प्रशासन और पुलिस लगातार लोगों से नदी-नालों तथा संवेदनशील स्थानों के किनारे नहीं जाने की अपील कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से केवल आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने और मौसम की स्थिति को देखते हुए सुरक्षित यात्रा करने की सलाह दी है।
फुटपाथों पर रोजी-रोटी कमाने वाले दुकानदारों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। बारिश के कारण दुकानें और सामान प्रभावित होने से उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समाचार लिखे जाने तक नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी था। हालांकि, अभी तक किसी बड़ी जनहानि या अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
