11 हजार विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग, मुख्यमंत्री धामी ने योजना का किया शुभारंभ

11 हजार विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग, मुख्यमंत्री धामी ने योजना का किया शुभारंभ
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत प्रदेश के 11 हजार विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित शिक्षकों, विषय-विशेषज्ञों और प्रोफेशनल कोचिंग संस्थानों के माध्यम से ऑनलाइन प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभावान विद्यार्थियों को महंगी कोचिंग के खर्च से राहत देते हुए उन्हें बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से पर्वतीय एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी घर बैठे देश के प्रतिष्ठित शिक्षकों और विषय विशेषज्ञों से अध्ययन का अवसर मिलेगा।

योजना के अंतर्गत UPSC एवं State PCS के लिए 2,000, SSC, रेलवे, बैंकिंग सर्विसेज एवं समकक्ष परीक्षाओं के लिए 5,000, डिफेंस सर्विसेज के लिए 2,000, NET, GATE, CSIR एवं JRF के लिए 1,000 तथा CAT/MAT जैसी प्रबंधन प्रवेश परीक्षाओं के लिए 1,000 विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी।

योजना का लाभ लेने के इच्छुक विद्यार्थियों का चयन खुली ऑनलाइन स्क्रीनिंग परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। विद्यार्थी निर्धारित पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर स्क्रीनिंग परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। परीक्षा में प्रदर्शन, योग्यता और निर्धारित पात्रता मानकों के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। योजना में टॉपर एवं मेधावी छात्र-छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

योजना के तहत विद्यार्थियों को केवल लाइव ऑनलाइन कक्षाओं तक सीमित नहीं रखा जाएगा। उन्हें रिकॉर्डेड लेक्चर, डिजिटल स्टडी मटेरियल, विषयवार प्रश्न बैंक, नियमित ऑनलाइन टेस्ट, मॉक टेस्ट और परीक्षा पैटर्न आधारित अभ्यास की सुविधा भी उपलब्ध होगी। विद्यार्थियों के प्रदर्शन का नियमित मूल्यांकन करते हुए उनकी कमजोरियों और बेहतर तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा।

गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के लिए विभाग द्वारा Study IQ, Delhi, Mahendra Private Limited, Lucknow तथा Doon Dreamers, Dehradun जैसे संस्थानों का चयन किया गया है। इन संस्थानों के विशेषज्ञ शिक्षक एवं विषय-विशेषज्ञ विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं की व्यवस्थित तैयारी कराएंगे। इसके साथ ही देश के अनुभवी एवं प्रोफेशनल ट्यूटरों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसी भी प्रतिभावान विद्यार्थी की सफलता के रास्ते में आर्थिक संसाधनों की कमी बाधा न बने। डिजिटल तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों को उनके घर से ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि Technology, Quality और Accessibility को एक साथ जोड़कर प्रदेश के युवाओं को बेहतर अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण संसाधन, बेहतर मार्गदर्शन और समान अवसर उपलब्ध हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियां किसी विद्यार्थी की प्रतिभा और उसके सपनों के बीच बाधा नहीं बननी चाहिए। इसी उद्देश्य से शुरू की गई यह योजना प्रदेश के 11 हजार विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी और प्रवेश परीक्षाओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles