डीआरआई का देशभर में नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार: 740 किलो गांजा-चरस जब्त, 13 गिरफ्तार

डीआरआई का देशभर में नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार: 740 किलो गांजा-चरस जब्त, 13 गिरफ्तार
Spread the love

नई दिल्ली। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ देशभर में अपनी कार्रवाई तेज करते हुए पिछले पखवाड़े आठ महत्वपूर्ण अभियान चलाए हैं। इन अभियानों में लगभग 740 किलोग्राम गांजा और चरस जब्त किया गया है तथा 13 लोगों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है।

डीआरआई के अनुसार, जब्त किए गए मादक पदार्थों में 709.6 किलोग्राम गांजा, 24.5 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा और 5 किलोग्राम चरस शामिल है।

  • रायपुर में 375.95 किलो गांजा बरामद

8 सितंबर 2026 को खुफिया सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने रायपुर के निकट ओल्ड धमतरी रोड पर विशाखापत्तनम से आ रहे दो ट्रकों की तलाशी ली। ट्रकों के लोडिंग क्षेत्र में रखे 10 बोरों से 61 पैकेट बरामद किए गए।

फील्ड परीक्षण में इनमें गांजे की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने कुल 375.95 किलोग्राम गांजा और दोनों ट्रकों को जब्त कर चार लोगों को गिरफ्तार किया।

इससे पहले 26 अगस्त को डीआरआई ने रायपुर के निकट एक ट्रक से छिपाकर रखा गया लगभग 124 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था।

  • पटना के पास ट्रक से 140.5 किलो गांजा

5 और 6 सितंबर को चलाए गए एक अन्य अभियान में डीआरआई अधिकारियों ने पीछा करने के बाद औरंगाबाद-पटना राजमार्ग पर एक ट्रक को रोका। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों पर हमला भी किया गया, जिसमें एक अधिकारी घायल हो गया, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

वाहन की तलाशी में चालक के केबिन के पीछे बनाए गए गुप्त स्थान से गांजे के 90 पैकेट बरामद किए गए। कुल 140.5 किलोग्राम गांजा और ट्रक को जब्त कर लिया गया।

  • लुधियाना में वाहन के फर्श से 69 किलो गांजा

1 और 2 सितंबर को पंजाब के लुधियाना के निकट डीआरआई अधिकारियों ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन के फर्श में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त स्थानों से 67 पैकेट में करीब 69 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

  • गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर नेपाल से लाई गई चरस बरामद

3 सितंबर को डीआरआई अधिकारियों ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर अमरनाथ एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे में यात्रा कर रहे तीन लोगों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 5 किलोग्राम चरस (हशीश) बरामद की गई।

जांच में सामने आया कि चरस को नेपाल से तस्करी कर भारत लाया गया था। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

  • हवाई अड्डों पर 24.6 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त

पिछले 15 दिनों के दौरान डीआरआई ने हैदराबाद और बेंगलुरु हवाई अड्डों पर तीन अलग-अलग अभियानों में वियतनाम के हनोई और थाईलैंड के बैंकॉक से आने वाले यात्रियों को पकड़ा। इन अभियानों में लगभग 24.6 किलोग्राम उच्च क्षमता वाला हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

डीआरआई ने कहा कि इन अभियानों से स्पष्ट है कि एजेंसी सड़क, रेल और हवाई मार्गों के जरिए हो रही मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार नजर रख रही है। तस्करों द्वारा वाहनों में बनाए गए गुप्त कक्षों, विशेष डिब्बों और यात्रियों के सामान में छिपाकर लाई जा रही नशीले पदार्थों की खेप को पकड़ने के लिए खुफिया आधारित कार्रवाई लगातार जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles